*
सिवनी- जिले में प्रस्तावित जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकानों के सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) का कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। इस महत्वपूर्ण अभियान में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले प्रगणकों को कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती नेहा मीना द्वारा सम्मानित किया गया।
सम्मानित प्रगणकों में सचिन जैन, ईश्वर दयाल वरकड़े और कमलेश्वर ठाकरे शामिल हैं, जिन्होंने निर्धारित समय-सीमा से पहले ही अपने-अपने हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
प्रगणक सचिन जैन ने मात्र 4 दिनों में 306 भवनों एवं 497 मकानों का सर्वेक्षण पूर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। वहीं ईश्वर दयाल वरकड़े ने 5 दिनों में 49 भवनों एवं 57 मकानों का तथा कमलेश्वर ठाकरे ने 5 दिनों में 76 भवनों एवं 91 मकानों का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। इनकी कार्यकुशलता, समर्पण और अनुशासन ने जनगणना अभियान को नई गति प्रदान की है।
प्रगणक घर-घर पहुंचकर नागरिकों से संवाद स्थापित कर रहे हैं, जिससे यह अभियान जनसहभागिता का स्वरूप लेता जा रहा है और लोगों में सहयोग की भावना भी बढ़ रही है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं के निर्माण का मजबूत आधार है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की वास्तविक स्थिति का सटीक आंकलन भविष्य की योजनाओं को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने प्रगणकों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित समय में लक्ष्य की प्राप्ति उनकी कड़ी मेहनत, प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी का परिचायक है। साथ ही सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे पारदर्शिता और गंभीरता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय सहयोग दें, ताकि जिले का सटीक एवं विश्वसनीय डेटा तैयार किया जा सके।
उल्लेखनीय उपलब्धि:
जिले में 1 मई 2026 से प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत 6 मई 2026 को दोपहर 2 बजे तक कुल 89,111 मकानों का सर्वेक्षण पूर्ण किया जा चुका है, जो प्रशासन की सक्रियता और टीमवर्क का प्रमाण है।


