*कलेक्टर-निगमायुक्त ने स्वच्छता के लिए दिया फीडबैक, अपनी गाड़ी में चिपकाया फीडबैक स्टीकर*
*शहर के नागरिकों से भी अपनी संस्कारधानी का राष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ाने के लिए कलेक्टर और निगमायुक्त ने साकारात्मक फीडबैक देने की अपील*
जबलपुर। संस्कारधानी को देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में शीर्ष पायदान पर लाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने अपनी पूरी प्रतिबद्धता स्पष्ट कर दी है। इस मुहिम को सफल बनाने के लिए स्वयं कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह मैदान में उतर आएॅं हैं।
*खुद की गाड़ी पर लगाया स्टीकर, दिया सकारात्मक संदेश*
स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने न केवल मैदानी व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि स्वयं स्वच्छता फीडबैक स्टीकर अपनी सरकारी गाड़ी पर चिपकाया। इस सांकेतिक पहल के माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि शहर को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
*नागरिकों का फीडबैक बनेगा जीत का आधार*
कलेक्टर और निगमायुक्त ने शहर के सम्माननीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर जबलपुर का मान बढ़ाना हम सबके हाथ में है। उन्होंने कहा कि जबलपुर हम सबका घर है। स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग सुधारने के लिए नागरिकों का सकारात्मक फीडबैक अत्यंत महत्वपूर्ण है। आपका एक हाँ हमारे शहर को गौरव दिला सकता है।
कलेक्टर और निगमायुक्त द्वारा वार्डों और मुख्य मार्गों की सफाई व्यवस्था का निरंतर अवलोकन किया जा रहा है। नागरिकों को स्वच्छता ऐप और अन्य माध्यमों से फीडबैक देने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है और नगर निगम के सफाई मित्रों और अधिकारियों का उत्साहवर्धन भी किया जा रहा है।
*संस्कारधानी का गौरव बढ़ाने का संकल्प*
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल रैंकिंग सुधारना नहीं, बल्कि जबलपुर को रहने के लिए देश का सबसे सुंदर और स्वच्छ शहर बनाना भी है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने घरों और दुकानों के बाहर डस्टबिन का उपयोग करें और स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान पूछे जाने वाले सवालों पर अपना सकारात्मक फीडबैक दर्ज कराएं। इस अवसर पर अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चैहान एवं उपायुक्त संभव अयाची भी उपस्थित रहे।


