अनूपपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के सभागार में 08 मई 2026 को प्रथम प्रेम ग्रुप मेंबर की महत्वपूर्ण बैठक मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर राकेश रंजन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में रेलवे कर्मचारियों की सुविधाओं, कल्याणकारी योजनाओं तथा रेलवे के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने कहा कि प्रेम ग्रुप की बैठक रेलवे प्रशासन और कर्मचारियों के बीच समन्वय स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के सुझावों से रेलवे की प्रगति एवं विकास को नई दिशा मिलेगी तथा रेलवे की आय बढ़ाने में भी सहायता प्राप्त होगी।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक जे. एस. मीणा एवं के. श्रीनिवासन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी बिलासपुर डाॅ. अंशुमन मिश्रा ने किया। बैठक में मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
सहायक कार्मिक अधिकारी भास्कर गृहा ने प्रेम ग्रुप बैठक के एजेंडा की विस्तृत जानकारी उपस्थित सदस्यों को प्रदान की।
बैठक में रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के विजय अग्निहोत्री, कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण राव, अतिरिक्त संयुक्त महामंत्री डी. डी. महेश, शहडोल शाखा सचिव बालकृष्ण बंगारी, एससी-एसटी एसोसिएशन के महामंत्री प्रभात पासवान, शिवमंगल सिंह, ओबीसी एसोसिएशन के मंडल सचिव मधुसूदन राव, तुलसी राव एवं प्रकाश साहू सहित अन्य प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में “रेलवे कर्मचारियों की सुविधाओं और कल्याण के संबंध में सुझाव” विषय पर एजेंडावार चर्चा की गई। इस दौरान कार्यस्थलों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल एवं स्वच्छ शौचालयों की समुचित व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत बनाने, रेलवे आवासीय कॉलोनियों के रखरखाव एवं सुरक्षा, खेल, सांस्कृतिक एवं मनोरंजन सुविधाओं के विकास तथा कर्मचारियों के परिवारों के लिए शिक्षा एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपस्थित कर्मचारी प्रतिनिधियों ने रेलवे प्रशासन के समक्ष विभिन्न व्यावहारिक सुझाव रखते हुए कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान की आवश्यकता पर बल दिया। रेलवे प्रशासन ने भी सकारात्मक पहल करते हुए सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


