जबलपुर। सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में जबलपुर पुलिस की साइबर सेल द्वारा गुम हुए मोबाइल फोन तलाशने की मुहिम लगातार प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है। इसी अभियान के तहत साइबर सेल ने CEIR पोर्टल की सहायता से 106 गुम मोबाइल फोन तलाश कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है।
शुक्रवार 8 मई 2026 को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह की उपस्थिति में मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने जबलपुर पुलिस और साइबर सेल का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल� पर मोबाइल की जानकारी दर्ज करें, ताकि पुलिस तकनीकी सहायता से मोबाइल को ट्रैक कर वापस दिला सके।
साइबर अपराधों को लेकर भी पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। यदि कोई व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार होता है या किसी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल� पर शिकायत दर्ज करें। इसके अलावा साइबर सेल जबलपुर की हेल्पलाइन 7701050010 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
जबलपुर पुलिस द्वारा लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि व्हाट्सएप, टेलीग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश, नौकरी या कमाई के लालच में न आएं। किसी भी अज्ञात .apk फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें और बैंक खाते, ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
जबलपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल दुनिया में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।


