जबलपुर। शहर के कटरा मस्जिद क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने पड़ोसियों पर प्रताड़ना, धमकी और घर पर हड्डियां एवं पत्थर फेंकने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर शुक्रवार को हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ता भी एसपी कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता सीमा लखेरा ने सीएसपी को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाली जमीला मंसूरी, रूबी खान और सिराज खान उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। महिला के अनुसार उन्होंने दो वर्ष पहले मकान बनवाया था, लेकिन पिछले करीब एक साल से विवाद और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उन्हें इलाके से चले जाने के लिए धमकाया जाता है और धार्मिक टिप्पणी करते हुए दबाव बनाया जाता है। उनका कहना है कि कई बार घर पर जानवरों की हड्डियां और पत्थर फेंके गए। हाल ही में घर के बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को भी पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
महिला का यह भी आरोप है कि जब उनके पति काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं, तब आरोपी घर के आसपास घूमकर डराने-धमकाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने इसे मकान पर कब्जे की साजिश बताते हुए “लैंड जिहाद” से जोड़कर शिकायत की है।
पीड़िता ने क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अवैध शराब जैसी गतिविधियों के संचालन का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मोहल्ले में रहने वाले हिंदू परिवारों पर दबाव बनाया जा रहा है।
मामले को लेकर नीरज राजपूत ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश पुलिस के आधारताल थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


