देवी
जबलपुर। ज्येष्ठ मास के पावन अवसर पर फूटाताल स्थित देवी रथ काली माता मंदिर में चैतन्य महाप्रभु संकीर्तन मंडल जबालीपुरम के तत्वावधान में भव्य हरिनाम संकीर्तन का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. ऋषभ मनोज गुलाबवानी के सौजन्य से किया गया, जिसमें संकीर्तनाचार्य पं. मनमोहन दुबे के सानिध्य में भक्तिमय वातावरण निर्मित हुआ।
प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उपस्थिति शुरू हो गई थी। हरिनाम संकीर्तन की मधुर धुनों, मृदंग और झांझ की ताल पर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर नृत्य करते रहे। “हरे राम-हरे कृष्ण” के जयघोष से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगल आरती के साथ हुआ, जिसके पश्चात सामूहिक संकीर्तन एवं भजन प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
संयोजक देवेन्द्र नेमा ने कहा कि हरिनाम संकीर्तन केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक परिवार को दैनिक जीवन में सत्संग और भक्ति को स्थान देना चाहिए। घरों में नियमित रूप से भजन, संकीर्तन और धार्मिक चर्चा होने से परिवार में सकारात्मकता, संस्कार और आपसी प्रेम का वातावरण निर्मित होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार होता है तथा युवा पीढ़ी भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ती है।
कार्यक्रम में ज्योतिषाचार्य पं. देवेंद्र त्रिपाठी, प्रभाकर चतुर्वेदी, मुकेश राठौर, सत्यप्रकाश नामदेव, के.एल. दीक्षित, सुरेन्द्र गिरी, मोहित तिवारी, मंगलसिंह पटेल, अमित विश्नोई, मोनी विश्वकर्मा, राजेंद्र सोनी, सत्यनारायण दुबे, विशाल पंड्या, राजेश असाटी, अवधेश गौतम, रंजीत राय, नरेश कहार, महेंद्र नामदेव, शिवम नामदेव, प्रकाश गुलाबवानी, बालकिशन नामदेव एवं देवेंद्र नेमा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया तथा उपस्थित भक्तों ने नियमित रूप से हरिनाम संकीर्तन आयोजित करने का संकल्प लिया।


