*
सिवनी – पलारी नगर में इन दिनों सट्टा-पट्टी और अवैध शराब कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में खुलेआम सट्टा पट्टी लिखी जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि चौकी प्रभारी संदीप दीक्षित नगर में कानून व्यवस्था बनाए रखने में असफल नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार चाय दुकानों, पान ठेलों एवं निजी प्रतिष्ठानों से खुलेआम सट्टा पट्टी काटी जा रही है। खैबाज बेखौफ होकर अपना कारोबार संचालित कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिल रही है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पलारी नगर के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी अवैध गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। जगह-जगह अवैध शराब के काउंटर संचालित होने की चर्चा है। देवघाट और मजगामा क्षेत्र में भी अवैध शराब बिक्री का कारोबार खुलेआम चल रहा है। बताया जा रहा है कि एक कमरे में शराब का अड्डा बनाकर खुलेआम बिक्री की जा रही है।
ग्रामीणों और नगरवासियों का कहना है कि लगातार बढ़ रहे अवैध कारोबार से युवाओं पर बुरा असर पड़ रहा है और क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। लोगों ने प्रशासन एवं वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि सट्टा-पट्टी और अवैध शराब कारोबार पर सख्त कार्रवाई करते हुए नगर की व्यवस्था को सुधारा जाए।


