36.5 C
Jabalpur
May 11, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

सिवनी में संघ का वैचारिक महाकुंभ शुरू, 34 जिलों के 168 स्वयंसेवक ले रहे प्रशिक्षण



_राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महाकौशल प्रांत के 15 दिवसीय कार्यकर्ता विकास वर्ग विशेष का भव्य शुभारंभ_

सिवनी – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महाकौशल प्रांत द्वारा आयोजित 15 दिवसीय कार्यकर्ता विकास वर्ग विशेष का रविवार को सिवनी में भव्य शुभारंभ हुआ। संघ के शताब्दी वर्ष में आयोजित इस विशेष वर्ग को ऐतिहासिक और प्रेरणादायी बताया जा रहा है। वर्ग में महाकौशल प्रांत के 10 विभागों के 34 जिलों से आए 168 स्वयंसेवक सहभागिता कर रहे हैं। इनमें अधिवक्ता, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रोफेसर, सेवा निवृत्त कर्मचारी, व्यवसायी और कृषक वर्ग के स्वयंसेवक शामिल हैं, जिनकी आयु 41 से 65 वर्ष के बीच है।
वर्ग के शुभारंभ सत्र में सर्वाधिकारी परमिंदरजीत सिंह बिन्द्रा, वर्ग कार्यवाह रमेश साहू एवं महाकौशल प्रांत के प्रांत प्रचारक ब्रजकांत जी ने भारत माता के चित्र का पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रांत प्रचारक ब्रजकांत जी ने कहा कि यह वर्ग कई दृष्टियों से ऐतिहासिक है। एक ओर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर रहा है, वहीं वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष तथा गुरु तेगबहादुर जी के शहादत पर्व के 350 वर्ष भी इस कालखंड को विशेष बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान निर्माण के समय ऐसे राष्ट्र की कल्पना की थी, जहां प्रत्येक व्यक्ति शिक्षित, जागरूक और राष्ट्र के प्रति समर्पित हो।
उन्होंने कहा कि संघ केवल सांस्कृतिक या राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि एक वैचारिक संगठन है, जहां विचारों के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण का कार्य किया जाता है। संघ का उद्देश्य समाज में अनुशासन, समरसता, समय पालन, त्याग, तपस्या और राष्ट्रभक्ति जैसे मूल्यों का निर्माण करना है।
ब्रजकांत जी ने बताया कि संघ शिक्षा वर्ग की परंपरा वर्ष 1929 में संघ संस्थापक परम पूजनीय डॉ. हेडगेवार द्वारा प्रारंभ किए गए अधिकारी प्रशिक्षण वर्ग (ओटीसी) से शुरू हुई थी, जिसे बाद में 1950 में परम पूजनीय गुरुजी ने “संघ शिक्षा वर्ग” नाम दिया।
वर्ग की दिनचर्या अत्यंत अनुशासित एवं साधनापूर्ण रखी गई है। प्रतिदिन प्रातः 4 बजे जागरण के साथ वर्ग का प्रारंभ होता है। स्वयंसेवकों को योग, व्यायाम, दंड संचालन, नियुद्ध सहित विभिन्न शारीरिक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही बौद्धिक चर्चा, गीत, प्रार्थना एवं वैचारिक सत्रों के माध्यम से राष्ट्र और समाज जीवन से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
यह वर्ग 10 मई से प्रारंभ होकर 24 मई 2026 तक संचालित होगा। वर्ग के सफल संचालन में सिवनी नगर की मातृशक्ति विशेष योगदान दे रही है, जो प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल भोजन व्यवस्था में सहयोग कर रही हैं। वहीं नगर के गणमान्य नागरिकों, बुद्धिजीवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के समाजजनों के लिए सायंकाल वर्ग दर्शन की विशेष व्यवस्था भी की गई है।

अन्य ख़बरें

आउटर रिंग रोड पर ट्रक से टकराई कार, तेलुगू अभिनेता भरत कांत समेत दो लोगों की मौत

Newsdesk

हैदराबाद: चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण के घर पहुंचे पीएम मोदी, परिजनों से की मुलाकात

Newsdesk

मध्य प्रदेश सरकार ने जबलपुर बरगी बांध हादसे की न्यायिक जांच के आदेश दिए

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading