जबलपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस द्वारा 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान 26 अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर संचालित किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभियान के दौरान पीओएस मशीन के माध्यम से अधिक से अधिक चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए प्रकरण परिवहन विभाग को भेजे गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात के निर्देशन में उप पुलिस अधीक्षक यातायात , एवं सहित यातायात पुलिस की टीमों ने शहर के विभिन्न स्कूलों, शासकीय एवं निजी संस्थानों तथा प्रमुख चौराहों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
अभियान के दौरान कुल 47 जागरूकता कार्यक्रम और कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जिनमें हेलमेट की उपयोगिता और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान यातायात नियमों से संबंधित कप, बैग और पम्पलेट भी वितरित किए गए।
इसके साथ ही बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 4910 वाहन चालकों के चालान बनाए गए। इन वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए भी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को प्रकरण भेजे गए हैं।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, ओवरस्पीडिंग से बचें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस द्वारा मैन्युअल और ई-चालान दोनों माध्यमों से लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


