20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, कोतवाली थाना सिवनी में मचा हड़कंप_
सिवनी – सिवनी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना सिवनी में पदस्थ एएसआई दिनेश रघुवंशी को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एएसआई दिनेश रघुवंशी द्वारा एक मामले में सिग्नेचर मिलान एवं संबंधित कार्य कराने के एवज में आवेदक नंदकुमार चौरसिया से 30 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई थी। लगातार की जा रही पैसों की मांग से परेशान होकर आवेदक ने इसकी शिकायत जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में की।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए बुधवार को सिवनी बस स्टैंड के पास जाल बिछाया। जैसे ही एएसआई दिनेश रघुवंशी ने आवेदक से 20 हजार रुपए रिश्वत के तौर पर लिए, लोकायुक्त टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त अधिकारियों ने रिश्वत की रकम जब्त कर आरोपी एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व जबलपुर लोकायुक्त की डीएसपी नीतू त्रिपाठी ने अपनी टीम के साथ किया। लोकायुक्त की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


