_जीवन भर की जमा पूंजी पर भांजे की बुरी नजर, एफआईआर नहीं होने से पीड़ित परेशान_
सिवनी : नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शहीद वार्ड निवासी ईश्वर सिंह बरकडे ने अपने ही भांजे योगेश टेकाम पर लगभग 23 लाख रुपये के गबन का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उनकी जीवन भर की जमा पूंजी को सुनियोजित तरीके से बैंक खातों और सावधि जमा से निकालकर निजी उपयोग में ले लिया गया।
शिकायतकर्ता ईश्वर सिंह बरकडे के अनुसार आरोपित योगेश टेकाम ने विभिन्न बैंक शाखाओं में जमा उनकी बचत राशि और एफडी को धोखाधड़ीपूर्वक निकाल लिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाना कोतवाली सिवनी में कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायत दी गई, लेकिन अब तक न तो एफआईआर दर्ज हुई और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने 6 अप्रैल, 8 अप्रैल, 9 अप्रैल और 4 मई 2026 को भी आवेदन प्रस्तुत किए थे, बावजूद इसके पुलिस द्वारा मामले में गंभीरता नहीं दिखाई गई। उनका आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने से आरोपित खुलेआम घूम रहा है, जिससे उन्हें मानसिक तनाव और भय का सामना करना पड़ रहा है।
ईश्वर सिंह बरकडे ने पुलिस अधीक्षक सिवनी से मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


