May 14, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

जेडीए को मिला नया नेतृत्व, संदीप जैन ने संभाली कमान पदभार ग्रहण करते ही बोले

कि शहर विकास और जनहित रहेगा सर्वोच्च लक्ष्य
जबलपुर। जबलपुर विकास प्राधिकरण को लंबे इंतजार के बाद नया नेतृत्व मिल गया। गुरुवार को सामाजिक कार्यकर्ता और समरसता सेवा संगठन के संस्थापक संदीप जैन ने जेडीए अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। उनके साथ ही प्रशांत केशरवानी ने उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी आज संभाली। सिविक सेंटर स्थित जेडीए कार्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह में जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में शहरवासियों की उपस्थिति रही।

पदभार ग्रहण करने के बाद संदीप जैन ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य शहर के विकास कार्यों को नई गति देना और आम नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना रहेगा। उन्होंने विशेष रूप से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उनका कहना था कि शहर में कई ऐसे परिवार हैं जो वर्षों से अपने घर का सपना पूरा नहीं कर सके हैं। जेडीए की ईडब्ल्यूएस योजनाओं के माध्यम से ऐसे लोगों तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह के दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। संतों के आशीर्वाद, वैदिक मंत्रोच्चार और मां नर्मदा नदी के जयघोष के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ।

बंद परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार

शहर में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को लेकर भी नए अध्यक्ष ने सकारात्मक संकेत दिए हैं। विजय नगर, 41 नंबर योजना, संजीवनी नगर तथा फ्लाईओवर जैसी रुकी परियोजनाओं को गति देने की बात सामने आई है। शहरवासियों को उम्मीद है कि लंबे समय से खाली पड़े अध्यक्ष पद पर नियुक्ति होने के बाद अब विकास कार्यों में तेजी आएगी।

समरसता की सोच से बनाई अलग पहचान

संदीप जैन सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए शहर में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। उन्होंने “सब सबको माने, सब सबको जाने” के मूल मंत्र के साथ समरसता संगठन की स्थापना की थी, जिसके माध्यम से विभिन्न समाजों और वर्गों को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया गया। आज यह संगठन शहर में व्यापक सामाजिक पहचान बना चुका है।

समारोह में दिखा अपनत्व और उत्साह

पदभार ग्रहण समारोह में बच्चे, युवा, बुजुर्ग, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भीषण गर्मी के बावजूद लोगों का उत्साह देखने लायक था। कार्यक्रम स्थल को विशेष रूप से सजाया गया था और कई वर्षों बाद जेडीए कार्यालय में इतना व्यापक जनसमागम देखने को मिला।

नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि शहर के विकास के लिए वे सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के सुझावों के साथ मिलकर कार्य करेंगे। उनका उद्देश्य केवल योजनाएं घोषित करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारना रहेगा।

अन्य ख़बरें

रेलवे स्टेशन पर निशुल्क जल सेवा का आयोजन, यात्रियों को वितरित किया शीतल जल

Newsdesk

जन्मदिन के उपहार में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ को मिला संस्कारधानी का भरपूर दुलार

Newsdesk

रादुविवि का 36वां दीक्षान्त समारोह जून में संभावितराज्यपाल को कुलगुरु ने दिया निमंत्रण

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading