जनगणना 2027
जबलपुर, 14 मई, 2026
जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रगति पर है। इस अभियान के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य पूर्ण होने पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह द्वारा नगर परिषद भेड़ाघाट के सीएमओ एवं चार्ज जनगणना अधिकारी विक्रम झारिया तथा नगर परिषद कटंगी की सीएमओ एवं चार्ज जनगणना अधिकारी एवं श्रीमती स्नेहा मिश्रा को गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में सम्मानित किया गया।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी राघवेन्द्र सिंह के निर्देशन तथा संयुक्त कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ऋषभ जैन के मार्गदर्शन में जिले में जनगणना कार्य सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है।
जिले में कुल 36 जनगणना चार्ज के अंतर्गत 4 हजार 414 मकान गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 2 हजार 441 तथा नगरीय क्षेत्र के 1 हजार 973 ब्लॉक शामिल हैं। कार्य के सुचारू संचालन हेतु जिले में 04 जिला मास्टर ट्रेनर्स, 36 चार्ज जनगणना अधिकारी, 98 फील्ड ट्रेनर्स एवं 664 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इनके मार्गदर्शन में 3 हजार 930 प्रगणकों द्वारा आवंटित क्षेत्रों में एचएलबी की पहचान, ले-आउट मैप तैयार करने तथा एचएलओ-ऐप एवं सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जा रहा है। जिले में अब तक 1 हजार 808 मकान गणना ब्लॉकों का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के कार्य में जनगणना चार्ज नगर परिषद भेड़ाघाट में सीएमओ एवं चार्ज जनगणना अधिकारी विक्रम झारिया को आवंटित 15 मकान गणना ब्लॉकों तथा नगर परिषद कटंगी की सीएमओ एवं चार्ज जनगणना अधिकारी स्नेहा मिश्रा को आवंटित 31 मकान गणना ब्लॉकों का कार्य समय-सीमा से पूर्व पूर्ण कर लिया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने दोनों अधिकारियों को सम्मानित किया और उन्हें बधाई दी।


