सिवनी – अनिल कुमार राठौर के निर्देश पर जिले में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से राजस्व एवं पुलिस विभाग द्वारा विस्फोटक अधिनियम के तहत व्यापक संयुक्त जांच एवं निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिलेभर में संचालित विस्फोटक भंडारण केंद्रों, गोदामों और लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
अभियान के तहत संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर विस्फोटक सामग्री के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान लाइसेंस की वैधता, लाइसेंस शर्तों का पालन, स्टॉक रजिस्टर एवं अभिलेखों का मिलान बारीकी से जांचा जा रहा है। अधिकारियों ने यह भी परखा कि विस्फोटक सामग्री का भंडारण शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है या नहीं।
जांच टीम ने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, सुरक्षा संकेतकों, आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था तथा परिसर की सुरक्षा स्थिति का भी गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि विस्फोटक सामग्री के भंडारण, परिवहन और उपयोग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी रिकॉर्ड एवं दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में सार्वजनिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से इस प्रकार की संयुक्त निगरानी एवं जांच कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


