लालबर्रा क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण रहा,जब सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लालबर्रा में ₹9.95 करोड़ की लागत से बनने वाले 50 बिस्तरीय नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमिपूजन विधिवत सम्पन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण अवसर पर बालाघाट सांसद श्रीमती भारती खीरसागर पारधी एवं जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया तथा क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण सौगात की बधाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ होना किसी भी क्षेत्र के विकास का प्रमुख आधार होता है। लालबर्रा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग थी, जिसे अब मूर्त रूप मिलने जा रहा है। ₹9.95 करोड़ की लागत से बनने वाला यह 50 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
नवीन भवन बनने के बाद मरीजों को प्राथमिक एवं आपातकालीन उपचार के लिए जिला मुख्यालय या अन्य बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल में मरीजों के लिए बेहतर वार्ड, आधुनिक चिकित्सा उपकरण, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर बेहतर होगा।
मुंजारे ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य के तहत लालबर्रा में इस नवीन भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को समय पर उपचार मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
मुंजारे ने मध्य प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री डॉक्टर मोहन यादव जी,प्रदेश के स्वास्थ मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला जी,प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं प्रभारी मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह जी का धन्यवाद और आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह में विशेष उत्साह देखने को मिला। क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए जनप्रतिनिधियों एवं शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी ने निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण होने की अपेक्षा व्यक्त की।
यह भूमिपूजन कार्यक्रम लालबर्रा क्षेत्र के स्वास्थ्य विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
इस अवसर पर बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती खीरसागर पारधी जी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण,जिला पंचायत सभापतिगण, जनपद सदस्यगण,सरपंचगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


