_ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्ट-ड्रगिस्ट संघ का एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल का ऐलान_
उगली/सिवनी – ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) एवं मध्यप्रदेश केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई बुधवार को देशभर सहित सिवनी जिले में मेडिकल एवं दवा दुकानें बंद रहेंगी। जिले के समस्त केमिस्ट एवं दवा विक्रेताओं ने संयुक्त रूप से इस एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया है।
दवा व्यापारियों का कहना है कि इंटरनेट के माध्यम से हो रही अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री, बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श के घर-घर दवा वितरण तथा भारी छूट (Deep Discounting) जैसी गतिविधियां मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुकी हैं। साथ ही इससे छोटे लाइसेंसधारी मेडिकल संचालकों के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा हो गया है।
संघ द्वारा प्रधानमंत्री के नाम प्रशासन को एक सूत्रीय ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें ऑनलाइन दवा बिक्री पर कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी। केमिस्ट संगठनों का आरोप है कि ड्रग एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 एवं नियम 1945 में ऑनलाइन दवा बिक्री का स्पष्ट प्रावधान नहीं होने के बावजूद विभिन्न कंपनियां वर्षों से दवाओं की ऑनलाइन बिक्री कर रही हैं।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2018 की अधिसूचना GSR 817(E) तथा कोविड काल में जारी GSR 220(E) का वर्तमान में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और क्विक कॉमर्स कंपनियों द्वारा दुरुपयोग किया जा रहा है। इससे बिना सत्यापित ई-प्रिस्क्रिप्शन के दवाओं की होम डिलीवरी बढ़ी है, जो जनस्वास्थ्य के लिए चिंताजनक है।
प्रमुख मांगें
अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक
बिना वैध एवं सत्यापित ई-प्रिस्क्रिप्शन दवा बिक्री बंद हो
GSR 817(E) एवं GSR 220(E) को वापस लिया जाए
ऑनलाइन कंपनियों की Deep Discounting एवं Predatory Pricing नीति पर रोक लगे
उपाध्यक्ष जिला मेडिकल एसोसिएशन सिवनी एवं भगत मेडिकल उगली के संचालक अजय भगत ने कहा कि दवा व्यापारी हमेशा स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था की मजबूत कड़ी रहे हैं। कोविड महामारी के दौरान भी मेडिकल संचालकों ने निर्बाध दवा आपूर्ति सुनिश्चित कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
उन्होंने सरकार से जनहित, मरीजों की सुरक्षा एवं छोटे दवा व्यापारियों के हित में शीघ्र हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।


