_नाबालिग से अमानवीय कृत्य के बाद रिसॉर्ट सील, जांच में आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा_
सिवनी/कुरई – कुरई थाना क्षेत्र के ग्राम सुकतरा-बदलपार मार्ग स्थित शांति वन रिसॉर्ट पर मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया। यह कार्रवाई 17 मई को नाबालिग बालिका के साथ हुए अमानवीय कृत्य के मामले के बाद बढ़ते जनआक्रोश और ग्रामीणों की शिकायतों के मद्देनज़र की गई।
बताया जा रहा है कि घटना के विरोध में सोमवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में रिसॉर्ट में संचालित संदिग्ध गतिविधियों की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई गई थी।
मंगलवार को राजस्व विभाग एवं कुरई पुलिस की संयुक्त टीम ने रिसॉर्ट पहुंचकर जांच की। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान परिसर से आपत्तिजनक सामग्री, अनैतिक गतिविधियों से जुड़े संकेत, कंडोम एवं बियर की खाली बोतलें मिलने का दावा किया गया, जिसके बाद नियमानुसार रिसॉर्ट को सील करने की कार्रवाई की गई।
कुरई तहसीलदार शनिपाल सिंह परतेती ने बताया कि राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए सीलिंग की कार्रवाई संपन्न कराई गई। इस दौरान नायब तहसीलदार हिमांशु जैन, राजस्व निरीक्षक राजीव सनोडिया, थाना प्रभारी कृपाल साह तेकाम, हल्का पटवारी अवलेश डहरवाल, पटवारी दीपेंद्र मर्सकोले सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रमुख बिंदु
नाबालिग से अमानवीय कृत्य के बाद प्रशासन सख्त
राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई
रिसॉर्ट परिसर को किया गया सील
जांच में आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा


