जबलपुर। शहर के व्यस्त गुरंदी गल्ला मार्केट में मंगलवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों से सामान बाहर निकालने में जुट गए।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की पांच गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए लगातार मशक्कत करती रहीं। बाजार से उठता धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन आसपास की दुकानों और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए थे। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। आग से दुकानों में रखे अनाज, किराना सामग्री और अन्य सामान के जलने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार गुरंदी गल्ला मार्केट में इससे पहले भी दो से तीन बार आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लाखों रुपये का नुकसान हुआ था। इसके बावजूद बाजार में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से व्यापारी चिंता जता रहे हैं।
दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास लगातार जारी हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


