विकास कार्यों की जानकारी के लिए पार्षद ने नियुक्त किया प्रतिनिधि, वार्ड में सड़क-नाली को लेकर बढ़ी नाराजगी
जबलपुर। शहर के संत रविदास वार्ड में सड़क, नाली और सफाई जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर वार्डवासियों और पार्षद के बीच नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। इसी बीच एक वार्डवासी और पार्षद के बीच हुई फोन पर बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऑडियो में क्षेत्र का एक युवक विकास कार्यों का हिसाब मांगता सुनाई दे रहा है, जबकि पार्षद उसे अपने प्रतिनिधि से जानकारी लेने की बात कह रहे हैं।
मामला वार्ड क्रमांक 77 का बताया जा रहा है, जहां भाजपा समर्थित पार्षद ने क्षेत्रीय विकास कार्यों की निगरानी और जानकारी देने के लिए एक प्रतिनिधि नियुक्त किया है।
सड़क और नाली नहीं बनने से नाराज रहवासी
जानकारी के अनुसार वार्ड निवासी बंटी सोनी ने पार्षद को फोन कर अपने क्षेत्र में सड़क और नाली निर्माण नहीं होने पर नाराजगी जताई। बातचीत के दौरान उसने सवाल उठाया कि पार्षद का कार्यकाल लगभग पूरा होने वाला है, लेकिन क्षेत्र में अब तक अपेक्षित विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं।
इस पर पार्षद ने जवाब दिया कि कई निर्माण कार्यों की फाइलें नगर निगम में लंबित हैं और स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। जब वार्डवासी ने विस्तृत जानकारी मांगी, तब पार्षद ने उसे अपने प्रतिनिधि से संपर्क करने की सलाह दी।
ऑडियो में युवक यह कहते हुए भी सुनाई दे रहा है कि जनता ने वोट पार्षद को दिया है, इसलिए जवाबदेही भी पार्षद की ही बनती है।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना मामला
फोन बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में लंबे समय से सड़क, नाली और सफाई जैसी समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद बोले- प्रतिनिधि संभाल रहे वार्ड का काम
मामले में पार्षद योगेंद्र उइके का कहना है कि वार्ड में विकास कार्य व्यवस्थित रूप से संचालित हों, इसके लिए पूर्व मंडल अध्यक्ष कुणाल पटेल को पार्षद प्रतिनिधि बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वार्ड में कई विकास कार्य कराए गए हैं और उनसे संबंधित पूरी जानकारी प्रतिनिधि के पास उपलब्ध है।
प्रतिनिधि ने दी सफाई
पार्षद प्रतिनिधि कुणाल पटेल ने बताया कि वे पहले मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं और पार्षद से उनके पुराने संबंध हैं। इसी कारण उन्हें वार्ड के विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र से शिकायत आई है, वहां निर्माण कार्य प्रस्तावित है, लेकिन अत्यधिक गर्मी के कारण फिलहाल निर्माण गतिविधियों पर रोक लगी हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि वार्ड में हुए विकास कार्यों का पूरा रिकॉर्ड नगर निगम के लोक निर्माण विभाग से प्राप्त किया जा सकता है।


