6 लाख 60 हजार रुपये का अवैध मादक पदार्थ जब्त, अज्ञात तस्करों की तलाश जारी
अनूपपुर जिले के थाना करनपठार अंतर्गत चौकी सरई पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 56 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी पुष्पराजगढ़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी करनपठार निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार बरकरे के नेतृत्व में चौकी प्रभारी सरई उप निरीक्षक मंगला प्रसाद दुबे द्वारा की गई।
पुलिस को 19 मई 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम बड़ीतुम्मी स्थित जैन क्रेशर के समीप दतिरहा नाला के पास बरमसिया की झाड़ियों में बोरियों में अवैध गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना के बाद पुलिस ने नियमानुसार पंचनामा कार्यवाही पूरी करते हुए स्वतंत्र साक्षियों को साथ लिया और इलेक्ट्रॉनिक तराजू की व्यवस्था कर मौके के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने बंद पड़े जैन क्रेशर के पास झाड़ियों में झाड़ू के नीचे छिपाकर रखी गई तीन नायलॉन बोरियां बरामद कीं। जांच करने पर तीनों बोरियों में गांजा पाया गया। पुलिस ने गांजे की पहचान कर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराया, जिसमें पहली बोरी 20.280 किलोग्राम, दूसरी 21.930 किलोग्राम तथा तीसरी 13.880 किलोग्राम पाई गई। कुल मिलाकर 56 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
पुलिस ने मौके पर वीडियोग्राफी कराते हुए संपूर्ण कार्यवाही पंचों की उपस्थिति में पूरी की तथा गांजे को सीलबंद कर जब्त किया। आसपास क्षेत्र में आरोपियों की तलाश भी की गई, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।
मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में उप निरीक्षक मंगला प्रसाद दुबे, प्रधान आरक्षक रामप्रसाद सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक फूल सिंह श्याम, आरक्षक साहब सौर एवं आरक्षक नीरज गुप्ता का सराहनीय योगदान रहा।


