34.3 C
Jabalpur
June 10, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ कांग्रेस पार्षद दल का प्रदर्शन
जोन क्रमांक 13 में सौंपा ज्ञापन

जबलपुर। नगर निगम की कार्यप्रणाली और शहर की बिगड़ती व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने मंगलवार को नगर निगम जोन क्रमांक 13 में प्रदर्शन कर संभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यह प्रदर्शन शहर कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों में देरी, बाजार विभाग की समस्याएं और लीज धारकों की परेशानियों को प्रमुखता से उठाया गया।
कांग्रेस पार्षद दल के नेता प्रतिपक्ष  ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण के नाम पर केवल दिखावटी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर की मुख्य सड़कें, बाजार और प्रमुख क्षेत्रों को चमकाने पर ध्यान दिया जा रहा है, जबकि अंदरूनी मोहल्लों, नालों और नालियों की सफाई पूरी तरह उपेक्षित है। इसके कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान के दौरान नगर निगम की टीमों को मोहल्लों से हटाकर मुख्य बाजारों और सड़कों पर लगा दिया गया है, जिससे अंदरूनी क्षेत्रों में गंदगी की स्थिति और खराब हो गई है। कांग्रेस पार्षद दल का आरोप है कि नगर निगम प्रशासन केवल सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग पाने के लिए दिखावटी व्यवस्थाएं कर रहा है, जबकि वास्तविक समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
अमरीश मिश्रा ने नगर निगम के विकास कार्यों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की निविदाएं लगातार तीन-तीन और चार-चार बार प्रकाशित की जा रही हैं, लेकिन कोई ठेकेदार रुचि नहीं दिखा रहा। उन्होंने इसे नगर निगम प्रशासन और भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न बताया।
ज्ञापन में कांग्रेस पार्षद दल ने यह भी आरोप लगाया कि जोन क्रमांक 13 में बड़ी संख्या में लीज धारक और छोटे व्यापारी परेशान हैं। बाजार विभाग में कई फाइलें लंबित पड़ी हैं और गुमटियों तथा दुकानों के नामांतरण जैसे कार्यों में लोगों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छोटे व्यापारियों को नगर निगम कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन ने जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया, तो कांग्रेस पार्षद दल नगर निगम मुख्यालय में वृहद आंदोलन और तालाबंदी करेगा। उन्होंने कहा कि शहर के सभी जोनों में इसी प्रकार प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने का अभियान जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। कांग्रेस पार्षद दल का कहना है कि शहर की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि केवल दावे और घोषणाएं करने में व्यस्त हैं।
इस प्रदर्शन के बाद शहर की राजनीति में नगर निगम की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। अब देखने वाली बात होगी कि नगर निगम प्रशासन कांग्रेस द्वारा उठाए गए मुद्दों पर क्या कदम उठाता है।

अन्य ख़बरें

मादक पदार्थों के खिलाफ जबलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 42 किलो नशे का सामान जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार

Newsdesk

इंदौर से वसूली करने आए व्यापारी से लूट का खुलासा, 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार

Newsdesk

राहुल गांधी और पाकिस्तान की भाषा में कोई अंतर नहीं दिखाई देता : नितेश राणे

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading