सांसद भारती पारधी ने ई-रिक्शा से पहुंचकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बालाघाट-सिवनी संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी की अध्यक्ष्ता में 21 मई 2026 को सड़क सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की बैठक आयोजित की गई। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सांसद पारधी स्वयं ई-रिक्शा से बैठक में शामिल होने पहुंचीं। बैठक में सडक निर्माण व स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में वारासिवनी विधायक श्री विवेक विक्की पटेल, लांजी विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, कलेक्टर श्री मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, एसडीएम श्री गोपाल सोनी, जिला परिवहन अधिकारी श्री अनिमेष गढपाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप, यातायात प्रभारी श्रीमती यीना राहंगडाले व अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
ई-रिक्शा से कलेक्ट्रेट पहुँची सांसद श्रीमती पारधी
21 मई को जिला सडक सुरक्षा समिति एवं स्वास्थ्य विभाग की बैठक में शामिल होने बालाघाट-सिवनी संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी ई-रिक्शा से पहुँची। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल-डीजल के कम से कम उपयोग किये जाने के आह्वान को सजगता से अपनाते हुए सांसद श्रीमती पारधी ने यह अनुठी पहल की। सांसद श्रीमती पारधी का मानना है कि यह न केवल पेट्रोल-डीजल की बचत है बल्कि पर्यावरण सुरक्षा के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल का उपयोग किया जाए, यह देशहित के लिए अनिवार्य है।
सड़क दुर्घटनाओं की गहन समीक्षा, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर शीघ्र सुधार के निर्देश
बैठक की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा एवं यातायात थाना प्रभारी यीना रहाँगडाले ने जिले में पिछले तीन वर्षों के दौरान हुई सड़क दुर्घटनाओं का तुलनात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसमें दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों, दुर्घटना-बहुल क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) तथा एक्सीडेंटल केसों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद श्रीमती पारधी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना प्रशासन और समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि हेलमेट अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया जाए तथा स्कूलों, कॉलेजों और पेट्रोल पंपों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएं। उन्होंने दुर्घटना-बहुल क्षेत्रों को चिन्हित कर PWD और NHAI के समन्वय से त्वरित सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए। सांसद ने संकेतक बोर्ड, रम्बल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर और बेहतर प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
जिले में लगे ट्रैफिक सिग्नल की टाईमिंग कम की जाए – सांसद श्रीमती पारधी
सांसद श्रीमती पारधी ने कहा कि जिले में ट्रैफिक सिग्नल लग जाने से जिले की जनता को यातायात नियमों को जानने व समझने में सुगमता होने लगी है। किंतु भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने ट्रैफिक सिग्नल की टाईमिंग को कम करने के निर्देश दिये, जिससे की आमजन को भीषण धूप व गर्मी में ट्रैफिक सिग्नल की वजह से परेशानियों का सामना न करना पडे। उन्होंने वॉल्यूम ऑफ़ ट्रैफिक पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये।
सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित राहत के निर्देश
कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए PM-CM राहत योजना एवं आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध अस्पतालों की सूची का व्यापक प्रचार-प्रसार ग्राम पंचायत स्तर तक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद नागरिक योजनाओं का लाभ ले सकें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत मिलने वाली राहत राशि सीधे पीड़ित या उसके परिजनों के बैंक खाते में DBT के माध्यम से पहुंचे।
PM राहत योजना में बालाघाट प्रदेश में अव्वल
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में बालाघाट जिले के 129 सड़क दुर्घटना पीड़ितों को PM राहत योजना का लाभ मिल चुका है। मध्य प्रदेश के 55 जिलों में सर्वाधिक प्री-अप्रूव्ड मामलों के कारण प्रदेश के मुख्य सचिव द्वारा बालाघाट जिले के कार्यों की विशेष सराहना की गई है।
बैठक के अंत में सांसद भारती पारधी ने सड़क सुरक्षा एवं PM राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यातायात नियमों का पालन कर हम स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन को भी सुरक्षित बना सकते हैं।


