May 23, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

सीबीआई की बड़ी कार्रवाई: 119 करोड़ के दो बैंक घोटालों में सात जगहों पर छापेमारी

नई दिल्ली/मुंबई, 22 मई । केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दो बड़े बैंक धोखाधड़ी मामलों में सख्त कार्रवाई की है। सीबीआई ने 21 मई को मुंबई और अहमदाबाद में कुल सात जगहों पर तलाशी ली। इनमें दोनों कंपनियों के निदेशकों के आवासीय परिसर शामिल हैं। सीबीआई ने श्री हरि एक्सट्रूजन प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स जय फॉर्मूलेशंस लिमिटेड के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में छापेमारी की। दोनों मामलों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को कुल 119.03 करोड़ रुपए की हानि हुई है। श्री हरि एक्सट्रूजन प्राइवेट लिमिटेड मामले में सीबीआई ने मुंबई के विशेष न्यायाधीश द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर छापेमारी की। कंपनी पर 61.98 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है।

जांच में पता चला कि कंपनी ने पंजाब नेशनल बैंक से कैश क्रेडिट और टर्म लोन की सुविधा ली, लेकिन धोखाधड़ी के तरीके अपनाए। आरोपियों ने असुरक्षित ऋण दिए, सहयोगी कंपनियों के साथ फर्जी लेन-देन किए, बिक्री की राशि बैंक को नहीं भेजी और संबंधित पक्षों को गलत तरीके से भुगतान किए। तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। मेसर्स जय फॉर्मूलेशंस लिमिटेड के मामले में अहमदाबाद की अदालत के वारंट पर छापेमारी की गई। इस मामले में 57.05 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। कंपनी पर भारतीय स्टेट बैंक से झूठे बही-खातों के आधार पर फंड आधारित और गैर-फंड आधारित ऋण सुविधाएं लेने और फिर ऋण राशि का दुरुपयोग करने का आरोप है। सीबीआई के अनुसार, दोनों मामलों में कंपनियों के निदेशकों और अन्य आरोपियों ने बैंक को गुमराह किया और सार्वजनिक धन का दुरुपयोग किया। दोनों शहरों में की गई तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों की जांच जारी है।

सीबीआई सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान और भी खुलासे हो सकते हैं। यह कार्रवाई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में हो रहे बड़े घोटालों के खिलाफ सीबीआई की लगातार मुहिम का हिस्सा है। हाल के महीनों में सीबीआई ने कई बड़े बैंक फ्रॉड मामलों में छापेमारी और गिरफ्तारियां की हैं। अधिकारियों ने कहा कि दोनों कंपनियों के निदेशकों और अन्य संलिप्त व्यक्तियों से पूछताछ की जाएगी। यदि जरूरी हुआ तो जल्द ही गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

अन्य ख़बरें

भुज-दिल्ली एक्सप्रेस सेवा शुरू होने से कच्छ को दिल्ली से सीधा रेल संपर्क मिला

Newsdesk

उत्तराखंड सरकार के आदेश का विनोद बंसल ने किया स्वागत, कहा- नमाज के नाम पर नहीं होगा शक्ति प्रदर्शन

Newsdesk

बेंगलुरु: मृत मरीज की गायब घड़ी को लेकर अस्पताल ने जारी किया स्पष्टीकरण, आरोपों से किया इनकार

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading