जबलपुर। थाना रांझी पुलिस ने नकबजनी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, घटना में प्रयुक्त स्कूटी एवं औजार बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 330/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी आदित्य यादव उर्फ गुंडी पिता शंकर लाल यादव उम्र 24 वर्ष निवासी सिंधी कैंप वार्ड नं. 1 कब्रिस्तान के पास थाना हनुमानताल का रहने वाला है। आरोपी के कब्जे से सोने की झुमकी, कान की बाली, हार, चैन, मंगलसूत्र, नथ, अंगूठी सहित चांदी की पायल, करधन, बिछिया, कटोरी एवं छोटी चम्मच बरामद की गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त पेचकस, लोहे की रॉड एवं बिना नंबर की प्लेजर स्कूटी भी जब्त की गई।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु सभी थाना प्रभारियों को सघन कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना रांझी पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 मई 2026 को फरियादी सुमित कुमार गुप्ता निवासी रक्षा नगर कॉलोनी बड़ा पत्थर थाना रांझी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी चोरी कर ले गया। मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर आरोपी आदित्य यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर बगिया टोला स्थित एक खंडहर से चोरी का माल बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी आदित्य यादव उर्फ गुंडी आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व से लगभग 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी नशे की लत एवं उसकी आपूर्ति के लिए चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देता था।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रांझी उमेश कुमार गोल्हानी, उप निरीक्षक आभा दुबे, सहायक उप निरीक्षक मनीष जाटव, ही प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम, चंद्रभान सिंह तथा आरक्षक अभिषेक मिश्रा एवं मनीष पटेल की सराहनीय भूमिका रही।


