वन स्टॉप सेंटर बैहर में निःशुल्क सिलाई एवं ब्यूटीशियन प्रशिक्षण प्रारंभ
घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से वन स्टॉप सेंटर बैहर में निःशुल्क सिलाई एवं ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। यह पहल कलेक्टर श्री मृणाल मीणा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती दीपमाला मंगोदिया के मार्गदर्शन में तथा अशासकीय सामाजिक संस्था अनुश्री सेवा समिति के सहयोग से मिशन शक्ति “हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन” अंतर्गत बेटी बचाओ योजना के तहत शुरू की गई है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम श्रेणी जिला न्यायाधीश शिवानी असाटी द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने एवं कौशल विकास के माध्यम से अपने जीवन को नई दिशा देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अशासकीय सामाजिक संस्था अनुश्री सेवा समिति की अध्यक्ष भावना श्रीवास्तव ने महिलाओं को प्रशिक्षण की उपयोगिता, रोजगार के अवसर एवं स्वरोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वन स्टॉप सेंटर प्रशासक रचना चौधरी ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत 20 महिलाओं को सिलाई एवं 16 महिलाओं को ब्यूटीशियन का एक माह का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग की यह पहल महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।


