जबलपुर। NCC कैम्प में कैडेट्स को परोसे गए भोजन से फूड प्वाइजनिंग की शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। एयरपोर्ट रोड स्थित IIITDM में आयोजित कैम्प में कई कैडेट्स की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।
कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने संस्थान परिसर में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान रसोई में उपयोग किए जा रहे खाद्य पदार्थों और पेयजल की गुणवत्ता की पड़ताल की गई। टीम ने पनीर, फ्रोजन मटर, दही, दाल, चावल, आटा, बैंगन, पत्ता गोभी सहित पीने के पानी के नमूने एकत्र कर उन्हें परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा है।
प्रारंभिक जांच में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कई बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी के अनुसार यदि जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ दूषित पाए जाते हैं तो भोजन आपूर्ति करने वाली विजयनगर स्थित एआरआर ट्रेडर्स के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद कैम्प में मौजूद कैडेट्स और उनके अभिभावकों में चिंता का माहौल है, वहीं प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


