जबलपुर। आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा नागरिकों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने और वर्षाजल की सुगम निकासी सुनिश्चित करने के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार पूरे शहर में बड़े स्तर पर नाला-नालियों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। नाला-नालियों की सफाई का कार्य मशीनरी संसाधनों और मानव संसाधनों के साथ काम किया जा रहा है।
समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त श्री अहिरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के मुख्य और संवेदनशील नालों की सफाई के लिए जहां एक ओर आधुनिक पोकलेन और जेसीबी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर संकरी गलियों की नालियों को साफ करने के लिए सफाई कर्मचारियों की टीमें तैनात की गई हैं।
*महापौर-निगमायुक्त खुद कर रहे हैं मॉनिटरिंग*
नाला नालियों की सफाई अभियान को गति देने के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार लगातार बैठकें ले रहे हैं और मौके पर भी जाकर देख रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और मैदानी अमले को निर्देशित किया कि किसी भी वार्ड या मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति निर्मित नहीं होनी चाहिए, सफाई के दौरान निकले मलबे को तुरंत मौके से हटाया जाए ताकि वह दोबारा नालों में न बहे, संवेदनशील और निचले इलाकों पर विशेष नजर रखी जाए।


