शहडोल 24 मई 2026- नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत हेडगेवार तालाब परिसर में व्यापक स्तर पर सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जेल बिल्डिंग के समीप स्थित तालाब परिसर में आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर साफ-सफाई एवं जल संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखना और आमजन में जल संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर तालाब परिसर की सफाई की और नागरिकों से जल स्रोतों की सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम प्रजापति, एसडीएम अमृता गर्ग, नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग आनंद, मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश जगवानी, पूर्व पार्षद प्रभात पांडे और पार्षद सिल्लू रजक ने भी श्रमदान में सहभागिता निभाई।
अभियान में स्थानीय नागरिकों की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। अमृत मित्र स्व-सहायता समूह की महिलाओं, पीडीएमसी टीम, नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने तालाब परिसर की साफ-सफाई एवं संरक्षण कार्यों में सक्रिय योगदान दिया।
“जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत नगर के विभिन्न जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन और पर्यावरण संवर्धन के लिए लगातार श्रमदान, स्वच्छता अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से नागरिकों में जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है।
कार्यक्रम में कार्यालय अधीक्षक मोतीलाल सिंह, सिटी मैनेजर सत्यकाम मिश्रा, उपयंत्री पुनीत त्रिपाठी, उपयंत्री शरद द्विवेदी एवं स्वच्छता निरीक्षक अनिल महोबिया सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।


