जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में एक महिला पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के साथ रह रहे युवक ने विवाद के बाद चाकू से उसके गले पर हमला किया और फिर मुंह में कपड़ा ठूंसने की कोशिश करते हुए बेलन से सिर पर वार कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आईटीआई करमेता निवासी 24 वर्षीय गौरी दुबे ने माढ़ोताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह निजी कार्य करती है। महिला के अनुसार, उसके पति ने करीब दो वर्ष पहले उसे छोड़ दिया था। इसके बाद प्रेम संबंध होने के कारण वह करीब दो वर्षों से नीतेश पाटकर के साथ रह रही थी। बताया गया कि नीतेश के साथ आगे नहीं रहने की बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
रिपोर्ट के मुताबिक, 24 मई की सुबह करीब 10 बजे गौरी दुबे किचन में खाना बना रही थी। इसी दौरान नीतेश पाटकर पीछे से आया और हत्या करने की नीयत से चाकू से हमला कर उसके गले में चोट पहुंचा दी। महिला ने जब चिल्लाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसने का प्रयास किया।
आरोप है कि इसके बाद नीतेश ने रोटी बनाने वाले बेलन से महिला के सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया। किसी तरह डरकर महिला बाहर निकली, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी नीतेश पाटकर के खिलाफ धारा 296(ए) और 109(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।


