जबलपुर, 25 मई, 2026
संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने आज संभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने शासन के प्रमुख कार्यक्रमों और प्राथमिक अभियानों की प्रगति की चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु गेहूं उपार्जन, जल गंगा सवंर्धन अभियान के साथ विभागीय योजनाओं में प्रगति की समीक्षा की गई। संभागायुक्त श्री सिंह ने कहा कि कृषि और संबद्ध क्षेत्र अंतर्गत प्राकृतिक खेती, खाद की उपलब्धता व वितरण, नरवाई प्रबंधन, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना, पर ड्रॉप मोर क्रॉप, अल्पकालीन कृषि ऋण, हिरण्यगर्भा योजना, क्षीरधारा योजना, डॉ. भीमराव अम्बेडकर योजना और मत्स्य से संबंधित विषयों पर चर्चा कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ये सरकार की प्राथमिकता की योजनाएं है, अत: इसमें किसी भी स्तर पर कोताही न हो यह सुनिश्चित करें।
संभागायुक्त ने सुशासन को लेकर जिलेवार नामांतरण, बँटवारा एवं सीमांकन प्रकरणों के निराकरण की स्थिति एवं नजूल पट्टे के नवीनीकरण की स्थिति की समीक्षा की। संभागायुक्त ने एकल नल जल योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान कहा कि पेयजल हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है इसलिये संबंधित मैदानी अमला इस दिशा में तत्परता से कार्य करें। जिन ग्रामों/ बसाहटों में पेयजल संबंधी समस्या है वहां अधिकारी भ्रमण करें और समस्या का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।
संभागायुक्त श्री सिंह ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिलों की विभागवार रैंकिंग और कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप जल संवर्धन कार्यों और गतिविधियों की नियमित सघन मॉनिटरिंग की जाए और सभी कार्यों को समय सीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत फार्म पॉण्ड, डगवेल रिचार्ज व अमृत सरोवर के अपूर्ण कार्यों तथा उद्यानिकी विभाग के फल पौध रोपण गतिविधि के कार्यो को गति देने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने अमृत सरोवरों को राजस्व रिकार्ड में दर्ज कराने, स्कूलों में स्थित पानी की टंकियों की साफ-सफाई, आंगनवाडि़यों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग व पोषण वाटिका आदि गतिविधियों के लक्षित कार्यो को समय पर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।
संभागायुक्त श्री सिंह ने बैठक में सभी विभागों के लंबित सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा कर उसे संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी अधिकारियों को सघन दौरा कर विभागीय कार्यों की जमीनी स्तर पर निगरानी करने को कहा। साइबर अपराध की रोकथाम के लिए स्कूल एवं कॉलेजों में भी जागरूकता अभियान चलायें। बैठक के दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं में कम प्रगति लाने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित संभागीय अधिकारियों को दिए।
*गेहूं उपार्जन से संबंधित शिकायतों के निराकरण प्राथमिकता से करें -संभागायुक्त श्री सिंह*
संभागायुक्त श्री सिंह ने गेहूं उपार्जन की दैनिक प्रगति, परिवहन, भंडारण, भुगतान की जानकारी लेकर इससे जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। संभागायुक्त ने क्षेत्रीय प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम को निर्देशित किया कि
गेहूं उपार्जन से संबंधित शिकायतों की नियमानुसार जांच कर कलेक्टर एवं जिला उपार्जन समिति के माध्यम से त्वरित निराकरण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही स्पष्ट किया कि गेहूं खरीदी के लिए जितने भी शेष स्लॉट बचे हैं, उन पर उपार्जन कार्य समय से पूरा किया जाए।
उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को खरीदी केंद्रों की सघन मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।


