जबलपुर। चाकूबाजी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए इन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों तथा अवैध रूप से धारदार हथियार लेकर घूमने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारियों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में 1 जनवरी 2026 से 23 मई 2026 तक चाकूबाजी की घटनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि अनेक मामलों में परिवार के सदस्य, मित्र एवं रिश्तेदार ही आपसी विवाद में चाकू से हमला कर रहे हैं। वहीं जेल से जमानत पर रिहा हुए कुछ आरोपियों द्वारा पुनः अपराध करने की प्रवृत्ति भी सामने आई है।
पुलिस द्वारा ऐसे क्षेत्रों एवं व्यक्तियों को चिन्हित किया गया है जहां पूर्व में चाकूबाजी अथवा हिंसात्मक घटनाएं हुई थीं। चिन्हित अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा उनकी धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कर कार्रवाई की जा रही है।
आंकड़ों के अनुसार 1 जनवरी 2025 से 23 मई 2025 तक चाकू के प्रयोग से संबंधित कुल 241 घटनाएं दर्ज हुई थीं, जबकि 1 जनवरी 2026 से 23 मई 2026 तक यह संख्या घटकर 201 रह गई। इस प्रकार जबलपुर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई से चाकूबाजी की घटनाओं में लगभग 17 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
इसी अवधि में पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वर्ष 2025 में 418 चाकू जब्त किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में अब तक कुल 423 चाकू जब्त किए जा चुके हैं।
सम्पत उपाध्याय ने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों की सतत निगरानी रखें तथा आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत प्रभावी कार्रवाई करें।
निर्देशों के पालन में पुलिस द्वारा संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त, वाहन पेट्रोलिंग, रात्रिकालीन भ्रमण एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार एवं प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखते हुए अवैध हथियार लेकर घूमने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
जबलपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा अवैध हथियार रखने, संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त होने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने जैसी जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 0761-2676102, 2676100 अथवा डायल-112 पर सूचना दें।


