निष्पक्ष जांच की मांग, निलंबन वापस लेने पर अड़े छात्र
कुलपति कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी*
*जबलपुर।* जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में दो छात्र गुटों के बीच हुई झड़प के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा की गई एक पक्षीय कार्रवाई के विरोध में आज एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने छात्रो के साथ कुलपति कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
विदित हो कि कृषि विश्वविद्यालय परिसर में दो छात्र गुटों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिना निष्पक्ष जांच के केवल एक पक्ष के छात्रों को निलंबित कर दिया, जबकि दूसरे पक्ष के छात्रों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
एनएसयूआई के छात्र नेता अनुराग शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन जानबूझकर दोहरा मापदंड अपना रहा है। “यह शैक्षणिक संस्थान है, यहां न्याय सबके लिए बराबर होना चाहिए। प्रशासन किसी राजनीतिक दबाव में एक पक्ष को संरक्षण दे रहा है और दूसरे पक्ष के छात्रों का भविष्य बर्बाद कर रहा है। यह अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा।”
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “एक पक्षीय कार्रवाई बंद करो”, “छात्रों के साथ भेदभाव नहीं चलेगा”, “कुलपति होश में आओ” जैसे नारे लगाए। एनएसयूआई नेताओं ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर तत्काल निलंबन वापस लेने शिक्षकों और छात्र प्रतिनिधियों की संयुक्त जांच समिति गठित कर जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी छात्रों पर, चाहे वे किसी भी गुट के हों, एक समान कार्रवाई करने व विश्वविद्यालय में पढ़ाई का माहौल बनाया जाए, भय और राजनीति का माहौल खत्म करने की मांग की।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो संगठन हजारों छात्रों के साथ कुलपति कार्यालय का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरना देगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
इस दौरान प्रदर्शन में प्रदेश सचिव प्रतीक गौतम, एजाज अंसारी, शफी खान, अंकित कोरी, सैफ़ मंसूरी सहित सैकड़ो छात्र मौजूद थे।


