_आक्रोशित ड्राइवरों ने लगाया चक्का जाम, RTO कर्मचारियों पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप
सिवनी/खवासा – नागपुर रोड स्थित NH-44 के RTO चेक पोस्ट पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ट्रक ड्राइवर के साथ कथित मारपीट की खबर फैलते ही सैकड़ों वाहन चालकों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित ड्राइवरों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर करीब 7 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। लगभग आधे घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। भीषण गर्मी में फंसे यात्रियों, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, RTO चेक पोस्ट पर ट्रक ड्राइवर और कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद कथित मारपीट की घटना सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही अन्य ट्रक चालक और वाहन चालक मौके पर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे ड्राइवरों ने RTO कर्मचारियों पर अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए।
देखते ही देखते NH-44 पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क के दोनों ओर ट्रकों, बसों और छोटे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस प्रशासन तत्काल हरकत में आया।
मौके पर पहुंचे कुरई थाना प्रभारी कृपाल साह तेकाम ने प्रदर्शन कर रहे ड्राइवरों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात को पुनः सुचारू किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक ड्राइवर के साथ हुई कथित मारपीट की घटना से नाराज वाहन चालकों ने चक्का जाम किया था, जिसे पुलिस ने शांतिपूर्वक समाप्त करा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कुरई तहसीलदार शनि पाल परतेती भी मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अमले के साथ यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।
वहीं मामले को लेकर RTO अधिकारी देवेश बाथम ने कहा कि उन्हें जाम लगने की सूचना मिली है। वे मौके के लिए रवाना हो चुके हैं और घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
हाईवे पर उठे कई सवाल
क्या चेक पोस्ट पर अवैध वसूली का खेल चल रहा है?
आखिर ट्रक ड्राइवर के साथ विवाद की असली वजह क्या थी?
यदि आरोप सही हैं तो जिम्मेदारों पर *क्या कार्रवाई होगी?*
घटना के बाद ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।


