नवभारत/लालबर्रा । जिले के लालबर्रा थाना क्षेत्र में रेत माफिया की दबंगई और कानून का खौफ खत्म होने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार रात 8 से 9 लालबर्रा थानाक्षेत्र अंतर्गत कामथी में अवैध रेत खनन कर रहे ट्रेक्टर चालक द्वारा प्रधान आरक्षक राजेश्वर रहाँगडाले बेरहमी से वाहन चढ़ा दिया। इस जानलेवा हमले में आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालबर्रा थाने में पदस्थ आरक्षक सुशील और प्रधान राजेश्वर रहाँगडाले को कामथी में अवैध रेत के परिवहन की मुखबिर से सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे आरक्षकों ने जब कार्रवाई शुरू की और घटना स्थल का वीडियो बनाना चाहा, तभी ट्रैक्टर चालक ने दुस्साहस दिखाते हुए आरक्षक राजेश्वर पर सीधे ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और घायल आरक्षक को तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गोंदिया रेफर कर दिया।
घटना की भनक लगते ही मंगलवार देर रात आईजी ललित शाक्यवार और एसपी आदित्य मिश्रा सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरक्षक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस प्रशासन ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है। आईजी ललित शाक्यवार ने बताया कि वारदात के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहन चालक को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है और ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि संपूर्ण लालबर्रा तहसील में चाऱों दिशाओं अवैध रेत खनन और परिवहन का व्यापार चरम पर है जैसे ही रात गहराती है वैसे ही रेत माफियाओं के कम समय में ज्यादा लाभ के चक्कर में अंधाधुंध रफ्तार से रेत से भरे ट्रैक्टर फर्राटे भरते दिखाई देते हैं। ऐसा नहीं की इस अवैध कारोबार की भनक स्थानीय पुलिस को नहीं जानकारी होने के बाद भी यह पकड़ के बाहर रहते हैं । बहरहाल स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।


