11 मवेशी मुक्त कराए, पशु वध में प्रयुक्त हथियार जब्त, एक संदिग्ध हिरासत में
_नगर पालिका द्वारा बूचड़खाना किया गया सील_
सिवनी – जिले में गौवंश अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हड्डी गोदाम स्थित टीपू सुल्तान चौक के पास संचालित अवैध बूचड़खाने पर दबिश दी। संयुक्त टीम ने मौके से 11 मवेशियों को मुक्त कराया तथा पशु वध में प्रयुक्त हथियार एवं सामग्री जब्त की। मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सिवनी श्री सचिन परते के मार्गदर्शन में यह कार्यवाही की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 28 मई 2026 को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हड्डी गोदाम क्षेत्र स्थित टीपू सुल्तान चौक के पास अवैध रूप से बूचड़खाना संचालित किया जा रहा है, जहां मवेशियों को अमानवीय परिस्थितियों में रखा गया है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतवाली श्री सतीश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पशु चिकित्सा विभाग, राजस्व अमला एवं नगर पालिका के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी।
कार्यवाही के दौरान:
कुल 11 मवेशियों को मौके से मुक्त कराया गया।
पशु वध में प्रयुक्त बका, रस्सियां, लकड़ी की दूंठ, लोहे के एंगल सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
अरबाज खान (26 वर्ष) नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
पशु चिकित्सा विभाग द्वारा किए गए परीक्षण में कुछ मवेशी बीमार पाए गए। सभी मवेशियों को अत्यंत खराब स्थिति में बिना चारे-पानी के रखा गया था। नगर पालिका के मवेशी वाहन से सभी मवेशियों को सुरक्षित गौशाला पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जांच में पशु क्रूरता का मामला पाए जाने पर पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। हिरासत में लिए गए युवक से नेटवर्क एवं अन्य संबंधित लोगों के बारे में पूछताछ जारी है। जांच के आधार पर अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि सिवनी पुलिस गौवंश अपराधों के प्रति “जीरो टॉलरेंस” नीति पर कार्य कर रही है। बकरीद पर्व को देखते हुए जिलेभर में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि गौवंश तस्करी अथवा अवैध वध की सूचना तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाने में दें। सूचनाकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा तथा 5000 रुपये नकद पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सतीश तिवारी एवं उनकी टीम के साथ पशु चिकित्सा विभाग, राजस्व विभाग एवं नगर पालिका अमले की सराहनीय भूमिका रही।


