जबलपुर। पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को थाना विजय नगर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने हवालात, मालखाना, जप्ती माल, आर्म्स एवं एम्यूनेशन, राइट ड्रिल सामग्री सहित थाने में संधारित किए जाने वाले विभिन्न रजिस्टरों और शिकायत रजिस्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड अपडेट रखने तथा सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड और मोबाइल गुम होने जैसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए विवेचनाओं के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण और शीघ्र निराकरण करने पर जोर दिया। साथ ही महिलाओं, बच्चों, वृद्धों एवं कमजोर वर्गों से जुड़ी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए।


