जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट के समीप स्थित गदेरी गांव में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब मकान निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान जमीन के भीतर दबा एक जिंदा बम बरामद हुआ। सूचना मिलते ही खमरिया थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंचा तथा सुरक्षा घेरा बनाकर पूरे क्षेत्र को खाली कराया गया।
जानकारी के अनुसार, गदेरी निवासी सुनील यादव के प्लॉट पर भवन निर्माण कार्य चल रहा था। मजदूर पिलर की खुदाई कर रहे थे, तभी करीब तीन से चार फीट गहराई में लोहे की एक भारी वस्तु दिखाई दी। संदेह होने पर काम रोककर इसकी सूचना मकान मालिक और पुलिस को दी गई।
बम निरोधक दस्ते की जांच में पता चला कि यह लगभग 12 किलोग्राम वजनी यूएक्सओ (अनएक्सप्लोडेड ऑर्डिनेंस) यानी बिना फटा सैन्य बम है, जो पूरी तरह सक्रिय अवस्था में था। विशेषज्ञों के अनुसार, विस्फोट होने की स्थिति में यह करीब 50 मीटर के दायरे तक गंभीर नुकसान पहुंचा सकता था।
गांव के समीप आयुध निर्माणी खमरिया और सैन्य क्षेत्र होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि यह पुराना सैन्य शेल वर्षों पहले किसी कारणवश यहां पहुंचा और समय के साथ जमीन में दब गया। खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बम को सुरक्षित कब्जे में लेकर सेना के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। अब सेना की विशेषज्ञ टीम इसे सुरक्षित स्थान पर निष्क्रिय करने की प्रक्रिया में जुटी है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि यह सैन्य बम नागरिक क्षेत्र तक कैसे पहुंचा।


