जबलपुर। जिला अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नवीन अस्पताल भवन का शनिवार को प्रदेश शासन के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं स्वास्थ्य आयुक्त तथा कलेक्टर ने संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसी, ठेकेदार और अभियंताओं को गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा, तकनीकी गुणवत्ता और भवन की दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की ओपीडी पंजीयन व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, मरीजों की सुविधाओं और उपचार व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने प्रत्येक मरीज की आभा आईडी अनिवार्य रूप से बनाए जाने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
दल ने माइक्रोबायोलॉजी लैब, पैथोलॉजी विभाग और जिला औषधि भंडार का निरीक्षण कर दवाओं के वैज्ञानिक भंडारण एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर विकास का संदेश भी दिया। निरीक्षण में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


