लखनादौन – थाना लखनादौन पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लैकमेलिंग और चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 12 लाख रुपये मूल्य के दो सोने के हार बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दो नाबालिग बच्चों को सिगरेट पिलाकर उनका वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर घर से कीमती जेवरात मंगवा लिए।
पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा तथा एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी के मार्गदर्शन में थाना लखनादौन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समनापुर निवासी मननारायण भारद्वाज ने थाना लखनादौन में शिकायत दर्ज कराई कि 27 मई को घर की आलमारी का ताला खुला मिला तथा उसमें रखे दो सोने के हार, जिनकी कीमत लगभग 12 लाख रुपये है, गायब थे।
जांच के दौरान बच्चों से पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि पड़ोस में आयोजित एक शादी समारोह में आए कृष्णा पटेल ने दोनों नाबालिग बच्चों को सिगरेट पिलाई और उनका वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो वायरल करने तथा परिजनों को दिखाकर बदनाम करने की धमकी देते हुए आरोपी बच्चों पर रुपये और जेवरात लाने का दबाव बनाने लगा। आरोप है कि उसने एक बच्चे का पैर मोटरसाइकिल के साइलेंसर से जलाकर डराया तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
डर और दबाव के चलते बच्चों ने घर की लोहे की पेटी का ताला खोलकर उसमें रखे दो सोने के हार निकालकर आरोपी को सौंप दिए।
शिकायत पर थाना लखनादौन में अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने संदेही कृष्णा पिता कमलेश पटेल (19 वर्ष), निवासी मोहद, थाना करेली, जिला नरसिंहपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया तथा उसकी निशानदेही पर नरसिंहपुर से लगभग 12 लाख रुपये मूल्य के दो सोने के हार बरामद किए गए। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसमें नाबालिग बच्चों के वीडियो पाए गए।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे उपजेल लखनादौन भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका
पूरे मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक के.पी. धुर्वे, उपनिरीक्षक महेश कुमार उइके, प्रधान आरक्षक फकीरचंद उइके तथा आरक्षक अनील सोनकुवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


