जबलपुर। नागरिकों की सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने फायर ऑफिस का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त श्री अहिरवार ने फायर स्टेशन में उपलब्ध अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों, वाटर टैंक,और लाइफ-सेविंग उपकरणों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने ऑन-ड्यूटी अधिकारियों से उपकरणों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और यह सुनिश्चित किया कि सभी तकनीकी उपकरण और गाड़ियां हर समय पूरी तरह चालू और दुरुस्त स्थिति में रहें।
*24 घंटे और 3 शिफ्टों में तैनात रहेंगे जांबाज*
आगामी मौसम और सुरक्षा संवेदनशीलता को देखते हुए निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 24 घंटे लगातार, 3 अलग-अलग शिफ्टों में अग्निशमन दलों को पूरी तरह अलर्ट पर रहने के निर्देश दिये।


