समर कैंप ‘आरोह 2026’ का भव्य समापन, खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित।
अनूपपुर। मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार आयोजित समर कैंप ‘आरोह 2026’ का समापन समारोह 30 मई 2026 को जिला खेल परिसर अनूपपुर में उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगनाथ मरकाम के मार्गदर्शन में किया गया।समारोह के मुख्य अतिथि रक्षित निरीक्षक पुलिस लाइन अनूपपुर ज्योति दुबे रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्रमजीवी पत्रकार परिषद शहडोल संभाग एवं जिला वॉलीबॉल संघ अनूपपुर के अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा, सनबीम कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्राचार्य हर्षिता श्रीवास्तव, मनीष सिंह, जिला खेल प्रशिक्षक एवं जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव रामचंद्र यादव, ग्रामीण युवा समन्वयक विकासखंड जैतहरी दिनेश कुमार सिंह चंदेल, ग्रामीण युवा समन्वयक विकासखंड कोतमा मिथिलेश सिंह नेताम, ग्रामीण युवा समन्वयक विकासखंड पुष्पराजगढ़ खेलन प्रसाद कोल तथा पूरन सिंह श्याम मंचासीन रहे।
समर कैंप के दौरान प्रतिभागियों को वॉलीबॉल, कराते एवं फुटबॉल का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। समापन अवसर पर सभी खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रशिक्षकों को भी उनके योगदान के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
विशिष्ट अतिथि चैतन्य मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि समर कैंप बच्चों और युवाओं को बेहतर नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। खेल गतिविधियों के साथ-साथ कैंप में आयोजित प्रेरणादायी एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम प्रतिभागियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि ज्योति दुबे ने कहा कि समर कैंप बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नियमित दिनचर्या की आदत विकसित होती है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है।
कार्यक्रम के दौरान कराते प्रशिक्षुओं ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, जिसे उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा। आयोजन में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रामचंद्र यादव, दिनेश कुमार सिंह चंदेल, मिथिलेश सिंह नेताम, खेलन प्रसाद कोल, पूरन सिंह श्याम, सहायक प्रशिक्षक श्रेया गुप्ता, शिवानी केसरवानी, भारती सिंह, धनीराम बनवासी, मनीष सिंह, समृद्धि सिंह बघेल, बृजेश शुक्ला, हर्षिता श्रीवास्तव सहित सभी अभिभावकों और खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।कार्यक्रम का संचालन दिनेश कुमार सिंह चंदेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन रामचंद्र यादव द्वारा किया गया। समापन समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


