वाशिंगटन, 2 जून । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई खास चिंता नहीं है कि ईरान अमेरिका के साथ चल रही बातचीत रोक सकता है। उनका कहना था कि ईरान ने बातचीत में बहुत ज्यादा समय लिया है और उसे परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना ही ट्रंप प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सीएनबीसी के वरिष्ठ वाशिंगटन संवाददाता ईमोन जेवर्स के साथ फोन पर बातचीत में ट्रंप ने इस बात को खारिज कर दिया कि अगर बातचीत टूट जाती है तो उनकी रणनीति में कोई बड़ा बदलाव आएगा। यह बयान ऐसे समय आया जब तेल बाजारों में इस खबर के बाद तेज प्रतिक्रिया देखी गई कि ईरान अब बातचीत जारी रखने के लिए तैयार नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान के साथ बातचीत खत्म हो गई है, तो ट्रंप ने कहा, “सच कहूं तो मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता कि बातचीत खत्म हुई या नहीं। मुझे बिल्कुल परवाह नहीं है।” उन्होंने आगे कहा, “अगर खत्म हो गई है, तो हो गई है। अगर नहीं हुई है, तो मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत ज्यादा समय लिया। सच कहूं तो यह बातचीत अब काफी उबाऊ लगने लगी थी।” ट्रंप ने ईरान पर बातचीत को जानबूझकर लंबा खींचने का आरोप लगाया। इसमें बहुत ज्यादा समय लग गया। मुझे लगा कि वे बस हमें टाल रहे थे। जब उनसे सीधे पूछा गया कि क्या ईरान जानबूझकर समय बर्बाद कर रहा था, तो उन्होंने जवाब दिया, “हां, मुझे ऐसा ही लगा।”


