जबलपुर। शहपुरा तहसील में पदस्थ राजस्व निरीक्षक (आरआई) करण सिंह लोधी को लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार सुबह 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित रतन नगर में आरोपी के घर के सामने की गई। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।
लोकायुक्त निरीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि व्यापारी रोहित कुमार जैन ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि उन्होंने अपने अन्य व्यापारिक साथियों के साथ शहपुरा तहसील के कुलोन गांव में मटर प्लांट स्थापित करने के लिए जमीन खरीदी थी। जमीन के सीमांकन के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन दिया गया था, लेकिन राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी सीमांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत की मांग कर रहे थे।
20 हजार लेने के बाद भी नहीं किया काम
शिकायतकर्ता रोहित कुमार जैन के अनुसार सीमांकन आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी। जब उन्होंने आरआई से संपर्क किया तो आरोपी ने एक लाख रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने 20 हजार रुपए पहले ही दे दिए थे, लेकिन इसके बावजूद सीमांकन नहीं किया गया। लगातार मांग और दबाव से परेशान होकर उन्होंने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत सत्यापन के बाद बिछाया जाल
लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई। आरोपी आरआई करण सिंह लोधी को 80 हजार रुपए की शेष रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में ट्रैप दल के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक राहुल गजभिए सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही। लोकायुक्त की इस कार्रवाई को राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।


