जबलपुर। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने मंगलवार को थाना बेलबाग का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी एवं थाना प्रभारी बेलबाग जितेन्द्र पाटकर उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने हवालात, मालखाना, जप्ती माल, आर्म्स एवं एम्यूनेशन, राइट ड्रिल सामग्री तथा थाना स्तर पर संधारित किए जाने वाले विभिन्न रजिस्टरों एवं शिकायत रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा सामग्री के सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने साइबर हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया और साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों तथा मोबाइल गुम होने जैसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने थाने में दर्ज अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से संबंधित शिकायतों का संतोषजनक और समयबद्ध निराकरण करने पर भी विशेष जोर दिया गया।


