एसटी-पीडब्ल्यूडी श्रेणी में हासिल की ऑल इंडिया रैंक-1
अनूपपुर, । जिले की प्रतिभाशाली छात्रा कुमारी आंचल पुरी ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस 2026 में शानदार सफलता हासिल करते हुए एसटी- पीडब्ल्यूडी श्रेणी में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर अनूपपुर सहित पूरे मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। आंचल पुरी ग्राम एवं पोस्ट पयारी नंबर-1 जिला अनूपपुर की निवासी हैं। उनके पिता रविशंकर पुरी शिक्षक हैं। आंचल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शासकीय माध्यमिक विद्यालय पयारी नंबर-1 से प्राप्त की। इसके बाद कक्षा 6वीं से 12वीं तक की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय अमरकंटक से पूरी की।
जेईई मेन एवं जेईई एडवांस की तैयारी के लिए उन्होंने एक वर्ष तक वाराणसी में विशेष अध्ययन किया। कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा माता-पिता के निरंतर सहयोग के बल पर उन्होंने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। आंचल की इस सफलता से जिले में खुशी का माहौल है। शिक्षा जगत, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।


