जबलपुर। परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन कर सवारियां ढो रही एक बस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे जब्त कर लिया है। आरटीओ रिंकू शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान एमपी-20 पीए-1267 नंबर की जेके एंड जीटी रोडवेज बस को पकड़ा गया।
जांच में पाया गया कि बस के पास वैध परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं था। इसके अलावा वाहन का बीमा, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) तथा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) भी नहीं लगी थी। बस पर पुराना टैक्स भी बकाया पाया गया। परिवहन विभाग की टीम ने सभी दस्तावेजों की जांच के बाद बस को तत्काल जब्त कर थाने भिजवा दिया।
आरटीओ रिंकू शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बिना आवश्यक दस्तावेजों, फिटनेस और सुरक्षा मानकों के संचालित होने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों के विपरीत और टैक्स बकाया होने के बावजूद सड़क पर दौड़ रहे वाहनों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


