जबलपुर। शहर के देवतुल्य नागरिकों को वर्षाऋतु में जलप्लावन की समस्या से मुक्त रखने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुका है। वर्षाजल की सुगम निकासी सुनिश्चित करने के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ के नेतृत्व में आधुनिक मशीनों और भारी वाहनों की मदद से शहर के बड़े और छोटे नालों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। महापौर ने निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्यों श्रीमती रजनी कैलाश साहू, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, एवं विवेकराम सोनकर और स्वास्थ्य विभाग के अमले के साथ कमला नेहरू नगर वार्ड का औचक निरीक्षण कर नाला सफाई अभियान का जायजा लिया। इस अवसर पर महापौर ने बताया कि शहर में 4000 सफाई मित्र एवं 375 डोर टू डोर गाड़ियाॅं लगातार सफाई कार्य में लगी हुई हैं।
*आधुनिक मशीनों से हो रही है तेज गति से सफाई*
महापौर श्री अन्नू ने निरीक्षण के दौरान बताया कि शहर की ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने अभूतपूर्व संख्या में संसाधनों को काम पर लगाया है। नालों और नालियों के जीर्णोद्धार और गाद निकालने के लिए तेज गति से मशीनों एवं मानव संसाधनों को लगाकर कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षमता की हैवी मशीनें 154 बड़े नालों की गहरी सफाई और गाद हटाने के लिए 110, 200, 70 की 10 टाटा हिटाची मशीन, 24 जे.सी.बी., 24 डम्फर, मिनी हिटाची 23 और 33 ट्रेक्टर ट्राली के माध्यम से नालों की सफाई का कार्य लगातार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बड़े नालों के साथ-साथ सभी 79 वार्डों की छोटी-छोटी नालियों की भी तड़ीझाड़ सफाई कराई जा रही है, ताकि गलियों में पानी जमा न हो। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ ने बताया कि शहर के सभी 79 वार्डों में पिछले 45 दिनों से सफाई का यह महाअभियान निरंतर और तेज गति से चलाया जा रहा है। मानसून के आगमन से पहले ही अधिकांश काम पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कुल 154 चिन्हित बड़े नाले है, 126 नालों की सफाई पूर्ण हो चुकी है, शेष 28 नालों पर तेज गति से सफाई का कार्य किया जा रहा है, जिससे वर्षाजल की निकासी बेहद सुगम हो जाएगी और नागरिकों को जलभराव से भारी राहत मिलेगी।
*नागरिकों की सेवा में 8-8 घंटे की शिफ्ट में 24 घंटे तत्पर हमारी टीम – महापौर*
निरीक्षण के दौरान महापौर ने शहर की नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा शहर के देवतुल्य नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारी पूरी टीम, जन प्रतिनिधि और निगम का पूरा प्रशासनिक अमला नागरिकों की सेवा के लिए 24 घंटे 8-8 घंटे की शिफ्ट में तत्पर है। इस बार वर्षा ऋतु में नागरिकों को जलभराव के कारण किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
निरीक्षण के समय महापौर के साथ नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्य श्रीमती रजनी कैलाश साहू, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, विवेकराम सोनकर, तथा स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन सहित निगम का अन्य स्वास्थ्य अमला उपस्थित रहे।


