अनूपपुर, । प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देने और युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद फरार हुए आरोपी को आखिरकार बिजुरी पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। लगभग एक वर्ष से पुलिस को चकमा दे रहा आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, लेकिन साइबर सेल और पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई में वह कानून के शिकंजे से बच नहीं सका।
पुलिस के अनुसार अक्टूबर 2025 में जिला शहडोल निवासी पीड़िता ने थाना बिजुरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी बाँबी सिंह 19 वर्ष निवासी मोहाड़ा दफाई बिजुरी एवं मूल निवासी जिला औरेया उत्तर प्रदेश ने उसे शादी का झांसा देकर प्रेम संबंध बनाए। आरोप है कि सितंबर 2025 में आरोपी पीड़िता को बिजुरी स्थित अपने किराए के कमरे में ले गया, जहां तीन दिनों तक उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में शादी से इंकार कर वह फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर थाना बिजुरी में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
घटना के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश भाग गया था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिजुरी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की सहायता से आरोपी की लगातार निगरानी की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में घेराबंदी कर आरोपी बाँबी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


