अपराधों के त्वरित निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर जोर
एसपी सम्पत उपाध्याय ने अपराध समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले की अपराध समीक्षा बैठक लेकर लंबित गंभीर अपराधों, महिला अपराधों, साइबर फ्रॉड तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह, पल्लवी शुक्ला एवं सूर्यकांत शर्मा सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी, नकबजनी, एससी-एसटी एक्ट तथा महिला संबंधी लंबित अपराधों की थानावार समीक्षा की गई। एसपी ने निर्देश दिए कि गंभीर अपराधों की विवेचना में तेजी लाकर जल्द से जल्द उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यदि किसी अपहृत बच्चे के जिले से बाहर होने की जानकारी मिले तो तत्काल विशेष टीम गठित कर उसे बरामद किया जाए।
महिला अपराधों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने महिला संबंधी अपराधों और शिकायतों के मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी, शीघ्र विवेचना और समय पर चालान पेश करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर लापरवाही नहीं
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए एसपी ने लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीसीटीएनएस और ई-एफआईआर व्यवस्था सुधारने पर जोर
अधिकारियों ने सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य, ई-विवेचना, ई-एफआईआर, ई-चालान और ई-समंस प्रणाली की भी समीक्षा की। एसपी ने डेटा एंट्री में होने वाली त्रुटियों को सुधारने और सभी प्रविष्टियां समय पर अपलोड करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
फरार आरोपी और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान
एसपी ने साइबर फ्रॉड, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर मामलों में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर जिले के बाहर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बाजारों में पैदल गश्त और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
शाम के समय बाजार क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने, यातायात में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमण हटाने तथा नगर निगम एवं प्रशासन के सहयोग से सड़कें सुगम बनाने के निर्देश भी दिए गए। दुकानदारों को दुकान के सामने अव्यवस्थित पार्किंग और हाथ ठेले नहीं लगने देने के लिए समझाइश देने को कहा गया।
नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।


