शहडोल 8 जून 2026- मुख्य नगर पालिका अधिकारी शहडोल श्री निशांत सिंह ठाकुर ने जमुआ स्थित कचरा प्रसंस्करण केंद्र तथा कोटमा स्थित एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर एवं निर्माणाधीन नवीन कचरा प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने केंद्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करते हुए कचरे के संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण एवं निस्तारण कार्य को निर्धारित मानकों एवं स्वच्छता प्रोटोकॉल के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में वाहनों के सुचारु आवागमन, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था तथा कचरा प्रबंधन संबंधी समस्त गतिविधियों के प्रभावी संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रदान किए। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता निरीक्षक श्री अनिल महोबिया, उपयंत्री श्री पुनीत त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


